रतलाम। जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार राजस्व अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के तहत 14 मार्च को जावरा स्थित भोलेनाथ गैस एजेंसी के कार्यालय एवं गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस स्टॉक, रिकॉर्ड तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
इसके साथ ही जावरा स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने गैस सिलेंडरों के रखरखाव, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
सैलाना क्षेत्र के शिवगढ़ ग्रामीण वितरण केंद्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।