देवास। “जल संचय जनभागीदारी अभियान” के तहत जनपद पंचायत देवास अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, सेक्टर उपयंत्री एवं सेक्टर अधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमलता मंडलोई, सहायक यंत्री नरोत्तम शाक्य, वाटरशेड बीसी प्रवीण कोसे तथा स्वच्छ भारत मिशन बीसी देवेंद्र नागर ने अभियान की जानकारी देते हुए जल संरक्षण कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत रूफ टॉप हार्वेस्टिंग, खेत तालाब, चेक डेम, स्टॉप डेम, पर्काेलेशन टैंक, कूप रिचार्ज, कंटूर ट्रेंच, रिचार्ज पिट, नाला बंधान तथा बोरवेल रिचार्ज जैसे कार्य किए जाएंगे।
प्रशिक्षण में सभी कार्य जनभागीदारी से करने के लिए ग्राम पंचायतों को प्रेरित किया गया। अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा 300 संरचनाएं पूर्ण करने वाली पंचायत को प्रथम पुरस्कार 5 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही संबंधित सरपंच एवं सचिव को व्यक्तिगत रूप से 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
अभियान का शुभारंभ 19 मार्च से होगा, जो जून माह तक चलेगा। अधिकारियों ने सभी से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।