मनासा। क्षेत्र के ग्रामीणों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित ‘गंगा बावड़ी समूह जल प्रदाय योजना’ के जल महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने योजना की प्रगति की समीक्षा की और उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व समझाया।
कार्यक्रम में विधायक मारू ने जल निगम के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन और जल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्हर घर जलश् संकल्प को पूरा करने में गंगा बावड़ी योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। योजना से हजारों परिवारों को घर बैठे स्वच्छ पेयजल मिल रहा है, जिससे महिलाओं का श्रम कम हुआ और दूषित जल से होने वाली बीमारियों में भी कमी आई है।
विधायक ने कहा, स्वच्छ पानी केवल सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन का आधार है। योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कैलाश जी पुरोहित, सरपंच सुभाष श्रीमाल, जल निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और नागरिकों ने जल संरक्षण और जल स्रोतों के रख-रखाव में सहयोग करने की शपथ ली। विधायक मारू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक बिना किसी बाधा के पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।