शिवपुरी। दिल्ली के उत्तम नगर में हुई तरुण खटीक की हत्या के विरोध में शिवपुरी में खटीक समाज और सर्व हिंदू समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों को फांसी की सजा देने के साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई।
बताया गया कि यह घटना दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुई थी, जहां 26 वर्षीय तरुण खटीक की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना से खटीक समाज और सर्व हिंदू समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारी पहले पुराने बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
ज्ञापन में मुख्य रूप से आरोपियों को फांसी की सजा देने, मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज द्वारा आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।