खरगोन। जिला के कसरावद थाना क्षेत्र में कॉलेज परिसर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और चोरी गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 और 24 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को अज्ञात चोरों ने जेआईटी कॉलेज बोरावां के रिहायशी परिसर में बने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने फरियादी के मकान के साथ ही पड़ोसी आशीष सेंदनकर के घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी।
घटना की सूचना मिलने पर कसरावद थाने में अपराध क्रमांक 74/26 धारा 331(1) और 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश उर्फ नानका बघेल (24 वर्ष) निवासी बड़ी कदवाल थाना बोरी जिला अलीराजपुर को हिरासत में लिया। आरोपी को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने तीन साथियों बारम, विनोद और शंकर निवासी ग्राम गुराड़िया जिला धार के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
आरोपी महेश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने के आभूषण बरामद किए, जिनमें 2 सोने की अंगूठी, 2 बड़े टॉप्स, 2 छोटे टॉप्स, मंगलसूत्र के 2 सोने के पेंडल और 10 सोने के मोती शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी महेश को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।