नीमच। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ नीमच द्वारा स्थानीय शिक्षक सहकार भवन में होली मिलन समारोह हर्षाेल्लास और आत्मीय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लेकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनर्स ने आपसी संवाद के माध्यम से अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। इस अवसर पर उपस्थित पेंशनर्स ने सरकार से बढ़े हुए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
समारोह में डॉ. बी.एल. बोरीवाल ने पेंशनर्स को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली आवश्यक है। उन्होंने मोटे अनाज के सेवन पर जोर देते हुए कहा कि पेंशनर्स को प्रसन्नचित्त रहना चाहिए, प्रतिदिन पर्याप्त नींद लें और नियमित दिनचर्या अपनाएं।
स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान हरिश उपाध्याय ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका डॉ. बोरीवाल ने विस्तार से समाधान किया। कार्यक्रम में बालचंद वर्मा, शांतिलाल कारपेंटर, रेणुका व्यास, जगमोहन श्रीवास्तव सहित जिले एवं आसपास के अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीनारायण शर्मा ने किया।