विदिशा। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नगर पालिका ने तिलक चौक से गांधी चौक होते हुए नीमताल तक पाइपलाइन डालने के लिए करीब एक माह पहले सड़क खोदी थी, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं की गई है।
सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और लगातार उड़ती धूल के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि धूल से दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है और ग्राहक भी दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
इस स्थिति से नाराज तिलक चौक के व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर नगर पालिका के अधिकारी आर.के. वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर जल्द ही सुधार कार्य कराने का आश्वासन दिया।
महासंघ के पूर्व उपाध्यक्ष बोले- आंदोलन करेंगे
व्यापार महासंघ के पूर्व उपाध्यक्ष संजीव जैन ने बताया कि सड़क खोदे जाने के बाद से व्यापारियों की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करेंगे।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा सड़क पर धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण आसपास के लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें होने लगी हैं।