नीमच। रंगतेरस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। 17 मार्च 2026 को नीमच जिले के नीमच सिटी, बघाना, मनासा, कुकड़ेश्वर, जावद, रतनगढ़ और सिंगोली थाना क्षेत्रों में रंगतेरस की गैर निकाली जाएगी।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, फ्लैग मार्च, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा गैर के दौरान ड्रोन कैमरों के उपयोग के निर्देश जारी किए गए हैं।
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। 16 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में जावद में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।
जावद क्षेत्र में एसडीओपी रोहित राठौर ने गैर आयोजकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नीमच सिटी व नीमच कैंट क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान तथा मनासा क्षेत्र में प्रभारी एसडीओपी निकिता सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।