शाजापुर। आबकारी नीति के प्रावधानों के अनुसार जिले में शेष रही 50 कम्पोजिट मदिरा दुकानों के 19 समूहों का चतुर्थ चरण में निष्पादन किया जाएगा। यह निष्पादन 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 की अवधि के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला निष्पादन समिति द्वारा ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से किया जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्थ चरण के अंतर्गत 16 मार्च 2026 सुबह 10 बजे से 17 मार्च 2026 दोपहर 4 बजे तक ऑनलाइन टेंडर प्रपत्र डाउनलोड करने एवं ऑफर सबमिट करने की प्रक्रिया चलेगी।
इसके बाद 17 मार्च को दोपहर 4:05 बजे से ई-टेंडर कम ऑक्शन के प्रपत्र खोले जाएंगे, जबकि उसी दिन शाम 5:30 बजे से 6:50 बजे तक ई-ऑक्शन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। बोली लगने की स्थिति में 15-15 मिनट की अवधि बढ़ाई जाएगी।
आवेदक (व्यक्ति, फर्म, कंपनी, एलएलपी या कंसोर्टियम) निर्धारित शर्तों के अनुसार पोर्टल mptenders.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिला आबकारी कार्यालय शाजापुर तथा मध्यप्रदेश आबकारी विभाग की वेबसाइट excise.mp.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।