सिंगोली। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सिंगोली में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 9 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत की गई।
यह कार्रवाई नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश, कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर नीमच के निर्देश तथा अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई।
निरीक्षण के दौरान आदिनाथ ट्रेडर्स, सिंगोली से विक्रय हेतु रखे गए इंडाना घी, हरियाणा घी, भोग विनायक घी एवं श्रीपाल घी के कुल 4 नमूने लिए गए। इसी प्रकार नीमच रोड स्थित शिव शक्ति मार्ट, सिंगोली से मधु घी, मसूर दाल, चना दाल, चवला एवं हरामूंग के 5 नमूने जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।