सोनकच्छ। कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत सोनकच्छ में दुग्ध समितियों के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम के तहत इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित द्वारा जिला सहकारी संघ रतलाम के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, दुग्ध संकलन की वैज्ञानिक पद्धति तथा किसानों की आय में वृद्धि विषय पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए।
सहकारी प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर के सेवानिवृत्त प्राचार्य निरंजन कुमार कसारा ने सहकारी सिद्धांतों, सहकारी संस्था की कार्यप्रणाली एवं स्वच्छ दुग्ध संकलन पर विस्तार से जानकारी दी।
विषय विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. जे.सी. राठौर ने पशुओं में होने वाली बीमारियों, उनकी रोकथाम, उपचार तथा स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के वैज्ञानिक तरीकों पर प्रशिक्षण दिया।
दुग्ध संघ के क्षेत्रीय प्रबंधक रवि अंगारे ने दूध में बनने वाले बैक्टीरिया, उनके प्रभाव तथा दुग्ध उत्पादन, संकलन एवं वितरण की सही प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया।
जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने दुग्ध सहकारी समितियों के गठन, संचालन तथा वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में सहकारी संस्थाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।