नीमच। 2026 सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने एक अनूठी पहल शुरू की। इस पहल के तहत पत्रकारगणों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में कुल 56,669 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14,791 लोगों की मृत्यु हुई। इन मौतों में 6,541 लोगों ने हेलमेट नहीं पहना और 1,929 लोगों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। वहीं, जिला नीमच में वर्ष 2024 में कुल 368 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 120 लोगों की मृत्यु हुई। नीमच जिले में अधिकतर सड़क दुर्घटनाओं में मृतक दो-पहिया वाहन चालक रहे।
सड़क दुर्घटनाओं में हो रही इस वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर और उनकी टीम को निर्देशित किया कि वे चालानी कार्यवाही के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने हेतु कार्यक्रम आयोजित करें। इसका उद्देश्य जनता को यह समझाना है कि नियमों का पालन करके जनहानि को कम किया जा सकता है।
इसी कड़ी में जिला युवा प्रेस क्लब नीमच के होली और मिलन समारोह में पत्रकारों को 40 निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रेस एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए संदेश आमजन तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उनका उद्देश्य है कि नीमच की जनता अपने व्यक्तिगत या पारिवारिक कार्यक्रमों में आए अतिथियों को गिफ्ट के रूप में हेलमेट दे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान बचाने में मदद मिल सके।
अपीलरू यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार-पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहने। आपका सहयोग ही हमारी सफलता है।