गंजरहा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में नवांकुर संस्था जया सेवा समिति द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम गंजरहा में प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
प्रशिक्षण में संभाग समन्वयक भीम सिंह ने कहा कि प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव आया है और अब इन समितियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करना होगा। वहीं जिला समन्वयक रविंद्र शुक्ला ने कहा कि समिति का दस्तावेज ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी होता है, इसलिए सभी समितियां अपने रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में ठाकुर राम साहू ने जन अभियान परिषद का परिचय देते हुए बताया कि यह शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। दूसरे सत्र में नवांकुर संस्था अध्यक्ष देव प्रकाश गौतम ने शासकीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
तीसरे सत्र में समाजसेवी कमलेश गौतम ने पर्यावरण और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। चौथे सत्र में प्रकृति प्रेरणा फाउंडेशन के पवन कुमार ने जैविक कृषि और पशुपालन के महत्व को समझाया। पांचवें सत्र में जिला समन्वयक रविंद्र शुक्ला ने समितियों को कैशबुक और रजिस्टर संधारण की जानकारी दी।
छठे सत्र में संभाग समन्वयक भीम सिंह ने कहा कि समितियां गांवों की समस्याओं के समाधान में समाज के साथ मिलकर कार्य करें। अंतिम सत्र में लघु फिल्म के माध्यम से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने और पशुपालन के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण उपरांत वृक्षारोपण किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रकृति प्रेरणा फाउंडेशन की गौशाला का अवलोकन भी कराया गया।
कार्यक्रम में संभाग समन्वयक भीम सिंह डामोर, जिला समन्वयक रविंद्र शुक्ला, फाउंडेशन डायरेक्टर निवासन जी, ब्लॉक समन्वयक महेंद्र सिंह, समाजसेवी कमलेश गौतम, नवांकुर संस्था अध्यक्ष देव प्रकाश गौतम, ठाकुरराम साहू सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं क्षेत्रीयजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजर्षि मिश्रा ने किया।