नीमच। रेवली देवली का मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर क्षेत्र का एक प्राचीन और अत्यंत श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। वर्षों से यहां सैकड़ों चमत्कारों की चर्चाएं होती रही हैं, जिन पर भक्तों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। कई ऐसे श्रद्धालु आज भी मौजूद हैं, जो अपने जीवन में मां की कृपा का अनुभव कर चुके हैं, जिससे समय के साथ मंदिर के प्रति विश्वास और भी मजबूत होता गया है।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर एक अनोखी लोटन यात्रा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। रेवली देवली के युवक विनोद नागदा ने अपनी मन्नत पूरी होने पर घर से मां के दरबार तक लोटन करते हुए यात्रा की। बताया जा रहा है कि उनकी गति इतनी तेज थी कि उन्होंने लगभग 1 किलोमीटर की दूरी महज 1 घंटे में पूरी कर ली।
इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए उनके साथ चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर पहुंचने पर महिषासुर मर्दिनी माता समिति ने विनोद नागदा का साफा बांधकर और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया तथा यात्रा के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने एक स्वर में माता रानी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और भक्ति का माहौल चरम पर पहुंच गया।
नवरात्रि के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मां के प्रति श्रद्धा और विश्वास आज भी लोगों के दिलों में उतनी ही गहराई से बसता है।