खनियांधाना। नगर में भगवान निषादराज की जयंती अत्यंत हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और नगर श्जय निषादराजश् के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
भक्तिमय रहा नगर का वातावरण
समारोह का शुभारंभ सभागार के पास स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर एवं महाराज गौराज निषाद मंदिर से हुआ। यहाँ विधि-विधान से पूजन के बाद चल समारोह प्रारंभ हुआ, जो नया बस स्टैंड, रेंज चौराहा, गांधी चौक और टेकरी मंदिर के पीछे हरदौल मोहल्ला होते हुए वापस मंदिर प्रांगण पहुँचा। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया गया।
डीजे की धुन पर थिरके श्रद्धालु
चल समारोह का आकर्षण डीजे की धुन और हाथों में लहराते केसरिया ध्वज रहे। युवा और श्रद्धालु डीजे के भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए। विमान के आगे चल रहे श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के समापन पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और सभी उपस्थित जनसमूह को प्रसाद वितरित किया गया।
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने दी शुभकामनाएं
इस भव्य आयोजन में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने भगवान निषादराज के चरणों में मत्था टेका और समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाज के वरिष्ठ जन और भारी संख्या में मातृशक्ति भी मौजूद रही।