नीमच। रतनगढ़ थाना क्षेत्र में कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस जवान ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और उपचार होने तक मौके पर डटे रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उमर के पास रात के समय मोटरसाइकिल सवार रामनारायण पिता रामपाल धाकड़ निवासी सरवानिया मसानी और हुंडई एक्सेंट कार क्रमांक एमपी-47-सीए-3522 के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

उसी दौरान किसी अन्य कार्य से जा रही डायल-112 वाहन में सवार रतनगढ़ थाने के आरक्षक मनीष पाटीदार ने घटना देख तुरंत वाहन चालक देवेंद्र सोलंकी की मदद से घायल युवक को 112 वाहन में डालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतनगढ़ पहुंचाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ चिकित्सक डॉ. प्रांकुर यादव ने घायल का प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया। एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने पर पुलिस कर्मी घायल को स्वयं ले जाने की तैयारी में थे, इसी दौरान एंबुलेंस पहुंच गई और युवक को जिला चिकित्सालय भेजा गया।

घायल को रवाना किए जाने तक आरक्षक मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की इस तत्परता और मानवता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
