नीमच। जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण पर रिश्वत लेने के मामले को लेकर मंगलवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने एक दिवसीय सत्याग्रह और उपवास रखकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर हुए आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बैनर और नारे के साथ प्रदर्शन करते हुए लोगों ने कहा कि शिकायत और जांच के बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था, इसके बावजूद उन्हें पद से नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत अधिनियम की धारा 40 के तहत कलेक्टर को कार्रवाई का अधिकार है, फिर भी कार्रवाई लंबित है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सिंगोली क्षेत्र की एक पंचायत में आर्थिक अनियमितताओं की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद भी संबंधित सरपंच पर कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कलेक्टर से जनपद अध्यक्ष और संबंधित सरपंच को पद से हटाने की मांग की।
