प्रतापगढ़। जिले में सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय संजीवनी सेवा संस्था द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जिला कलेक्टर अंजलि राजोरिया ने सराहना की। उन्होंने संस्था द्वारा चलाई जा रही कन्यादान महादान योजना, लाडली भूखंड योजना, महिला स्वरोजगार योजना तथा बाल विवाह रोकथाम अभियान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया।
जानकारी के अनुसार बसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी को मालवी लोहार समाज द्वारा भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें 27 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में 12 नवविवाहित दंपतियों को आर्थिक सहयोग स्वरूप चेक प्रदान किए गए तथा लाडली आवास योजना के तहत भूखंड के पट्टे वितरित किए गए।
यह कार्यक्रम संजीवनी सेवा संस्था, प्रतापगढ़ के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें समाज के अनेक गणमान्यजन, पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर अंजलि राजोरिया ने नवदंपतियों को चेक एवं भूखंड पट्टे प्रदान कर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। संजीवनी सेवा संस्था द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए चलाई जा रही योजनाएं सराहनीय हैं और अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर मालवी लोहार समाज के जिला अध्यक्ष भरत कुमार सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस पहल से नवविवाहित जोड़ों को न केवल आर्थिक सहायता मिली, बल्कि उनके लिए स्थायी आवास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।