नीमच। मोगिया गोंड आदिवासी समाज सेवा संगठन मध्यप्रदेश द्वारा मोगिया/मोग्या एवं मोध्या जनजाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) के जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने शासन के निर्देशों एवं न्यायालय के निर्णय का हवाला देते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग तथा राजस्व विभाग, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों एवं माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार मोगिया/मोग्या, मोध्या जनजाति के सदस्यों को अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद जिले में कई पात्र लोगों को अभी तक एसटी प्रमाण-पत्र नहीं मिल पाए हैं।
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि जिला नीमच के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं संबंधित कार्यालयों को निर्देशित किया जाए कि मोगिया/मोग्या, मोध्या जनजाति के लोगों के अनुसूचित जनजाति (एसटी) के जाति प्रमाण-पत्र बनाए जाएं। साथ ही पूर्व में जारी अनुसूचित जाति (एससी) के प्रमाण-पत्रों को शासन के निर्देशानुसार निरस्त कर सही वर्ग में प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घीसालाल भाटी ने कहा कि समाज के लोगों को लंबे समय से उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शासन के आदेशों का पालन करते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र लोगों को अनुसूचित जनजाति का लाभ मिल सके। ज्ञापन सौंपते समय संगठन के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।