चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत स्वास्थ्य सेवा पहल के अंतर्गत ममता एचआईएमसी के संयुक्त सहयोग से राजस्थान और उत्तराखंड में संचालित इकाइयों के आसपास स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 1,101 ग्रामीणों को नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें 561 महिलाएं और 540 पुरुष शामिल रहे।
कंपनी द्वारा आयोजित ये स्वास्थ्य शिविर आगुचा, चंदेरिया, जावर, दरिबा तथा पंतनगर क्षेत्रों में लगाए गए, जहां आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लाभार्थियों की सुविधा के लिए डोर-टू-डोर परिवहन व्यवस्था भी की गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी शिविर तक आसानी से पहुंच सके।
शिविरों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ तथा सामान्य चिकित्सकों की अनुभवी टीम द्वारा मरीजों की जांच कर व्यक्तिगत परामर्श दिया गया। इस दौरान हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप परीक्षण, रैंडम ब्लड शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कंपनी के अनुसार यह पहल ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। ऐसे शिविरों के माध्यम से समय पर उपचार उपलब्ध होने से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव हो रही है।
हिंदुस्तान जिंक द्वारा संचालित सीएसआर स्वास्थ्य परियोजनाओं के माध्यम से प्रतिवर्ष 2 लाख से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। कंपनी का लक्ष्य दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।