नीमच। अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका संबंधी चर्चाओं के बाद बुधवार शाम शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की भीड़ बढ़ गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक बड़ी संख्या में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए कतारों में खड़े नजर आए।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद शहर में ईंधन की कमी को लेकर अफवाहें फैलने लगीं, जिसके चलते लोग एहतियात के तौर पर अपनी गाड़ियों में सामान्य से अधिक पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते कई पंपों पर लंबी लाइनें लग गईं और कुछ स्थानों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गई।
हालांकि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से कोई अधिकृत सूचना जारी नहीं की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम दिनों की तरह ही ईंधन मिल रहा है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में तेल आपूर्ति की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी कारणों से कंटेनर सप्लाई में विलंब की चर्चा जरूर है, जिसके चलते लोगों में भ्रम की स्थिति बनी। कुछ निजी पेट्रोल पंप संचालकों ने भी सीमित आपूर्ति की बात कही, लेकिन इसे कमी की स्थिति नहीं माना जा रहा है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। स्थिति पूरी तरह सामान्य है और जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है।