कुकड़ेश्वर। मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता महाअभियान के तहत नगर परिषद कुकड़ेश्वर द्वारा स्वच्छता को लेकर सराहनीय पहल की गई। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के अंतर्गत मंगलवार, 24 मार्च 2026 को वॉर्ड-वार स्वच्छता संवाद एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार, पार्षद महेश टोडावाल, लेखपाल रमेशचंद्र मोदी तथा नगर परिषद के कर्मचारियों ने वॉर्ड क्रमांक 02, 03 एवं 04 का भ्रमण किया। इस दौरान नालों-नालियों की सफाई, कचरा संग्रहण व्यवस्था तथा डोर-टू-डोर कलेक्शन की स्थिति का जायजा लिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने दरोगा एवं जमादारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि फील्ड स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत बनाकर तथा कर्मचारियों के आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कुकड़ेश्वर नगर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान दिलाना सभी की प्राथमिकता है।
नगर परिषद की इस पहल से नगर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और कुकड़ेश्वर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण साबित होगा।