मनासा। क्षेत्र के ग्राम जुना मालाहेड़ा में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब सुखले से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में ट्रॉली के ऊपर बैठे चार युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सुखला भरा हुआ था और उस पर चार युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में सुनील पिता रूघनाथ बंजारा (17 वर्ष) निवासी जुना मालाहेड़ा ट्रॉली के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आदेश पिता रतनलाल बंजारा (19 वर्ष) ट्रॉली के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य दो युवक सुरक्षित बच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवकों को बाहर निकालकर मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार देर शाम मृतक के शव को शासकीय अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया, जहां बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मनासा पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
