उज्जैन। महाकाल मंदिर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही एक और मार्ग चौड़ा होने जा रहा है जिससे भक्त आसानी से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने बेगमबाग से स्मार्ट पार्किंग के बीच बाधक बन रहे 12 मकानों को जेसीबी से तोड़ दिया। स्मार्ट सिटी और नगर निगम की सयुंक्त कार्रवाई में 14 में से 12 मकानों पर बुलडोजर चलाकर जमीदोंज कर दिए गए।
मंदिर की स्मार्ट पार्किंग जाने का मार्ग संकरा था
बेगमबाग से महाकाल मंदिर की स्मार्ट पार्किंग तक जाने का मार्ग संकरा था जिसके कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। 24 मीटर चौड़े प्रस्तावित रोड का एक हिस्सा पहले से महाकाल थाने से लेकर पालकी द्वार तक बनाया जा चुका था।
मंगलवार को प्रशासन ने बेगमबाग की और से स्मार्ट पार्किंग तक बने 12 मकानों को तोड़ दिया। इसके बाद अब जल्द ही यहां रोड बनने से मंदिर जाने का मार्ग सुलभ हो जाएगा।
एडिशनल एसपी राहुल देशमुख ने बताया कि 14 मकानों को चिन्हित किया है। 12 पर कार्रवाई की है। किसी ने भी कोई विरोध नहीं किया है। निगम के अमले ने कुछ ही घंटों में मकानों को तोड़ दिया।
एक हफ्ते पहले यूडीए ने तोड़े थे 15 मकान
उज्जैन विकास प्राधिकरण ने पिछले मंगलवार को लीज उलंघन मामले में 15 मकान ध्वस्त किए थे। जबकि पहले 42 मकान जमींदोज किए जा चुके है। प्राधिकरण अभी यहां कुल 90 दुकान होटल मकान हटा रहा है।