नीमच। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए बजट में 90 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बात उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जावद मंडी प्रांगण में आयोजित चार दिवसीय जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
समारोह में पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, पद्मश्री सुभाष पालेकर, मीरोलेब्स एग्रीटेक की संस्थापक सुनीता गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अतिथि मंचासीन रहे।
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि किसानों को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को खेतों में लागू करना चाहिए, जिससे उत्पादन बढ़े और लागत घटे। उन्होंने जावद क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण अभियान, डिजिटल शिक्षा और एआई शिक्षा परियोजनाओं की सराहना की।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार और किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी से अपने-अपने क्षेत्र में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने एआई शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और नगर परिषदों के नवनियुक्त वरिष्ठ पार्षदों का स्वागत भी किया।
विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और आधुनिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जावद क्षेत्र में शासकीय स्कूलों के 50 छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं और विद्यार्थियों को जेईई-नीट की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण स्थल पर 16 विभागों की प्रदर्शनी लगी है और 8 राज्यों के किसान इसमें भाग ले रहे हैं।
मुख्य वक्ता पद्मश्री सुभाष पालेकर ने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। वहीं, सुनीता गुप्ता ने कृषि में एआई तकनीक के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन की संभावनाओं पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में एडीएम बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस. सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और विभिन्न राज्यों से आए किसान उपस्थित रहे।