जीरन। युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए जिम उपकरण नगर परिषद की लापरवाही के चलते कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं। कई वर्षों से ये उपकरण परिषद कार्यालय परिसर में खुले में पड़े-पड़े खराब हो रहे हैं।
स्थिति और गंभीर तब हो गई जब रखरखाव के अभाव में इन उपकरणों का अधिकांश हिस्सा चोरी हो गया। जो सामान बचा है, वह भी धूप और बारिश के कारण जर्जर होकर उपयोग लायक नहीं रहा।
नगर परिषद परिसर में सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद भारी-भरकम उपकरणों का गायब होना कई सवाल खड़े करता है। यह संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं इस मामले में अंदरूनी मिलीभगत तो नहीं है।
जनता के टैक्स के पैसों से खरीदे गए इन उपकरणों की ऐसी दुर्दशा ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।