चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को निंबाहेड़ा उपखंड मुख्यालय स्थित अटल सेवा केंद्र पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आमजन से जुड़े कार्यों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने नगर परिषद, एवीवीएनएल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा, शिक्षा, रसद सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ढीले बिजली के तारों को तुरंत ठीक कर सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
नगर परिषद को निर्देश दिए गए कि शहर के सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए तथा जहां अतिक्रमण है, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर उसे हटाया जाए। इसके अलावा शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।