नीमच। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने से ही सच्चा संतोष मिलता है। पीड़ित मानवता की सेवा का सुख ही मन का सबसे बड़ा सुख होता है। यह विचार भारत विकास परिषद आयुर्विज्ञान संस्थान कोटा के चेयरमैन श्याम शर्मा ने व्यक्त किए। वे सीएसवी अग्रोहा भवन में आयोजित भारत विकास परिषद शाखा नीमच के दायित्व ग्रहण समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति सेवा की संस्कृति है, जिसे न तो मुगलों और न ही अंग्रेजों के प्रयास समाप्त कर सके। “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना आज भी विश्व को प्रेरित कर रही है।
विशिष्ट अतिथि एवं नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि परिषद द्वारा स्वामी विवेकानंद, छत्रपति शिवाजी और वीर सावरकर जैसे महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर समाज को प्रेरणा दी जा रही है। उन्होंने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापना हेतु विधायक निधि से सहयोग देने की बात भी कही।
प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल (मंदसौर) ने कहा कि नीमच शाखा ने सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है और नई कार्यकारिणी इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने भी परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की।
निवर्तमान अध्यक्ष रवि पोरवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि निवर्तमान सचिव पिंटू शर्मा ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए सेवा प्रकल्पों को और मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।
रीजनल सचिव प्रदीप चोपड़ा (जावद) ने शपथ अधिकारी के रूप में अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, कोषाध्यक्ष संदीप दरक, महिला संयोजिका सुनीता चौधरी सहित नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल एवं प्रांतीय संरक्षक सुनील सिंघल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों का पारंपरिक रूप से तिलक, दुपट्टा एवं मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर 9 नए सदस्यों- अरविंद गोयल, संदीप नायर, आशीष गर्ग, नवीन अग्रवाल, रोहित नरेड़ी, सौरव खंडेलवाल, भरत गर्ग, जितेंद्र चोरड़िया एवं निरंजन सिंह चौहान को सदस्यता दिलाई गई। साथ ही रमेशचंद जैन एवं उनके परिवार द्वारा देहदान संकल्प लेने पर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, मातृशक्ति एवं परिषद सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी एवं सुशील गट्टानी ने किया तथा आभार कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।