मनासा। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हराभरा एवं पर्यावरण समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ पर्यावरण मित्र संस्था, मनासा द्वारा विगत कई वर्षों से निरंतर जनजागरण एवं वृक्षारोपण अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सांदीपनि विद्यालय, मनासा के सहयोग से वृहद वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11.11 बजे रामपुर नाका, मनासा से कारगिल चौराहा (नीमच नाका) तक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा 311 पौधों के वृक्षारोपण के संकल्प के साथ विशाल जन-जागरूकता रैली एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के तहत नीम, पाम, चंपा, वट (बरगद), पीपल एवं त्रिवेणी जैसे पर्यावरण एवं भारतीय संस्कृति की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया जाएगा। ये पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण की अमूल्य धरोहर बनेंगे।
पर्यावरण मित्र संस्था ने नगर के सभी नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा पत्रकार बंधुओं से कार्यक्रम में सहभागी बनकर इस पुनीत अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
संस्था का मानना है कि एक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाले कल के लिए जीवन, शुद्ध वायु और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प है। इसी भावना के साथ 311 पौधे-311 संकल्प का यह महाअभियान मनासा को हरियाली की नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।