चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बुधवार को इंदौर में आयोजित अनुष्ठान आराधिका महासती साध्वी डॉ. कुमुदलता जी म.सा., स्वर साम्राज्ञी साध्वी डॉ. महाप्रज्ञा जी म.सा., साध्वी पदम कीर्ति जी म.सा. एवं साध्वी राजकीर्ति जी म.सा. के चातुर्मास मंगल प्रवेश समारोह में उपस्थित होकर उन्हें नमन किया तथा प्रदेश एवं देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
एयरपोर्ट मार्ग स्थित नरसिंह वाटिका में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर साध्वी डॉ. कुमुदलता जी म.सा. ने अपने आशीर्वचन में कहा कि साधना मन और तन में उत्पन्न होने वाले विकारों तथा नकारात्मक विचारों से मुक्ति दिलाकर व्यक्ति को मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने चातुर्मास के पावन अवसर पर सभी तपस्वियों की अनुमोदना करते हुए उनके जीवन में मंगल, कल्याण और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साध्वी डॉ. महाप्रज्ञा जी म.सा., साध्वी पदम कीर्ति जी म.सा. एवं साध्वी राजकीर्ति जी म.सा. ने भी धर्म, संयम और साधना के महत्व पर प्रकाश डाला तथा चातुर्मास को आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक साधना का श्रेष्ठ अवसर बताया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संचालक मंडल के सदस्यों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं उनके साथ उपस्थित नरेन्द्र पोखरना, नवीन पटवारी तथा बलवंत बाघमार का उपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। विधायक आक्या ने साध्वीवृंद से आशीर्वाद प्राप्त कर जनकल्याण एवं सर्वत्र खुशहाली की कामना की।