चित्तौड़गढ़। इनर व्हील क्लब ऑफ चित्तौड़गढ़ ने अध्यक्ष ऋतु पोखरना के नेतृत्व में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेमलपुरा में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के सहयोग से 50 बड़े पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण के लिए 10 ट्री गार्ड भी लगाए गए।
अभियान के तहत नीम, बरगद, पीपल, जामुन एवं अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्य शारदा शर्मा ने क्लब की इस पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना करते हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया।
क्लब की सचिव रेणु सोमानी ने बताया कि यह प्रकल्प इनर व्हील के एनवायरमेंट सस्टेनेबिलिटी गोल के अंतर्गत आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से क्लब द्वारा समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर पौधे उपलब्ध कराने वाले भगवान झंवर का जन्मदिन भी विद्यालय की 300 छात्राओं के साथ केक काटकर एवं केले वितरित कर हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। क्लब की ओर से उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में क्लब की चार्टर सचिव महक जैनानी, पूर्व सचिव सुमित्रा मानधना, एग्जीक्यूटिव सदस्य इंदुबाला उपाध्याय एवं ज्योति मानधना सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।