मंदसौर। शहर की चक्रवर्ती कॉलोनी में मंगलवार को आवारा सांडों की भिड़ंत के दौरान बड़ा हादसा टल गया। लड़ते हुए सांड अचानक लोगों की ओर दौड़ पड़े, जिसकी चपेट में आने से एक महिला सहित तीन बच्चे घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे की पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर चक्रवर्ती कॉलोनी की सड़क पर दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान स्कूल से लौट रहे तीन बच्चे वहां से गुजर रहे थे। सांडों को लड़ता देख एक महिला ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सड़क किनारे रोक लिया और स्वयं भी उनके साथ खड़ी हो गई।
अचानक लोगों की ओर दौड़ा सांड-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़ाई के दौरान एक सांड अचानक बेकाबू हो गया और तेज गति से महिला एवं बच्चों की ओर दौड़ पड़ा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सांड ने महिला और तीनों बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सभी सड़क पर गिर गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और महिला व बच्चों को संभाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी को मामूली चोटें और खरोंचें आईं।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम-
हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में दो सांडों की लड़ाई, महिला द्वारा बच्चों को बचाने का प्रयास और अचानक हुए हमले का दृश्य दिखाई दे रहा है। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल-
हादसे के बाद स्थानीय रहवासियों ने शहर में बढ़ती आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से आवारा सांड और मवेशी घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा है। रहवासियों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में बनी हुई है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे-
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर में आवारा सांडों के हमले की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। संजय हिल्स क्षेत्र में सांड के हमले से एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि सम्राट मार्केट क्षेत्र में भी एक बुजुर्ग सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़ने और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।