नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिले के 13 खिलाड़ियों ने रंगीन बेल्ट परीक्षा पास कर ब्लैक बेल्ट की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया।
जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक जय प्रकाश लोधा ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों ने रनिंग, वॉर्म-अप, ड्रिल, ब्लॉक-पंच, किक, पुमसे और फाइट जैसी तकनीकों में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह परीक्षा उत्तीर्ण की।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को जितेंद्र कुमार बाजोलिया (तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश) और अर्जुन सिंह वर्मा के हाथों ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस मौके पर घोषणा की गई कि 1 मई 2026 से जिले में निःशुल्क सेल्फ-डिफेंस समर कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में 5 से 20 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए इच्छुक प्रतिभागी दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या रेलवे पुरानी स्कूल, पानी की टंकी परिसर में शाम 5 से 7 बजे के बीच पहुंच सकते हैं।
संघ के अध्यक्ष रतन लाल निर्वान ने बताया कि कैंप के बाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
शिविर के दौरान विधिक साक्षरता पर भी जोर दिया गया। जितेंद्र कुमार बाजोलिया ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति पर अपराध सिद्ध हो जाता है, तो उसे भविष्य में सरकारी नौकरी में पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान अयोग्य ठहराया जा सकता है। वहीं अर्जुन सिंह वर्मा ने कानून के प्रति हमेशा जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों ने फाइट और सेल्फ-डिफेंस का शानदार प्रदर्शन भी किया। संघ के पदाधिकारियों और अभिभावकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बेल्ट परीक्षा पास करने वाले खिलाड़ी:
माया लोधा, केशव टांक (येलो बेल्ट)
आयात शाह, भूविका सैनी, इमानुएल पॉल, प्रिंस वेस्टली, वाशू, विविका सैनी (ग्रीन बेल्ट)
वानी शर्मा, अशरीन शाह (ग्रीन वन)
वैदिक अहीर, उमेश लोधा (ब्लू बेल्ट)
दीपिका (ब्लू वन बेल्ट)