नीमच। शहर के बस स्टैंड के समीप शुक्रवार देर रात एक अनाज की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से दुकान में रखा अनाज सुरक्षित बच गया और बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के पास स्थित विजयकुमार जैन की अनाज की दुकान में देर रात विद्युत बोर्ड से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही देर में बोर्ड में आग लग गई। दुकान बंद होने के कारण आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की दो दमकल वाहन भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। दुकान का शटर खोलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया।
जांच में विद्युत बोर्ड पूरी तरह जला हुआ मिला, जबकि दुकान में रखा अनाज और अन्य सामान सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की, वहीं फायर ब्रिगेड ने आग पूरी तरह बुझाकर स्थिति को सामान्य कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।