मंदसौर। जिले की मल्हारगढ़ तहसील के बुढ़ा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरनिया जटिया में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पत्थर से बनी बाड़े की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मलबे में दबने से दो पाड़ियों (भैंस के बच्चों) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी मांगीलाल पिता नाथूलाल जाटव अपने बाड़े में पशुओं की रखवाली के लिए दीवार के पास सो रहे थे। देर रात अचानक जर्जर पत्थर की दीवार ढह गई और वे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई।
परिजनों ने घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए मंदसौर स्थित निजी पाटीदार अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में बाड़े में बंधी भैंसों के दो बच्चे (पाड़िया) भी मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र में पुराने एवं जर्जर मकानों तथा दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने नागरिकों से ऐसे स्थानों से दूर रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।