मंदसौर। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने 85.61 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से गर्रावद से चिल्लोद पिपलिया मार्ग, 2.70 करोड़ रुपये की खड़पालिया से काल्याखेड़ी मार्ग, 3.43 करोड़ रुपये की गुर्जरबर्डिया से महादेव मंदिर मार्ग तथा 4.59 करोड़ रुपये की मुंडकोषा से सुजानपुरा मार्ग शामिल हैं। वहीं लोकार्पित कार्यों में 45.84 करोड़ रुपये की लागत से नारायणगढ़ से बिल्लोद मार्ग (व्हाया बादरी, रिछा, बूढ़ा, टकरावद, नापाखेड़ा), 11.20 करोड़ रुपये की लागत से मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग, 5.77 करोड़ रुपये का पिपलियामंडी बायपास तथा 10.38 करोड़ रुपये की लागत से बालागुड़ा पेट्रोल पंप से खेडाखदान, खोखरा, सोनी पिपलिया सोलंकी मार्ग शामिल हैं।
450 करोड़ के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बजट में 450 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण के लिए एक ही स्थान से मिट्टी लेकर वहां ‘लोक कल्याण सरोवर’ विकसित किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में 508 सरोवर बनाए जा चुके हैं और इस वर्ष 600 नए सरोवर निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही सड़कों के किनारे रिचार्ज पिट बनाकर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हर खेत तक पहुंचेगा पानी-
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर का पानी मल्हारगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी उल्लेखनीय बताया।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां-
लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा और सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदसौर संसदीय क्षेत्र देश में ऐसा उदाहरण बनेगा, जहां कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और जल सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो समग्र विकास का प्रतीक है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदनलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।