नीमच। शहर के मध्य घंटाघर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय विद्या मंदिर में गुरुवार को पालक संघ जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों को निरूशुल्क कॉपियां एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। स्टेशनरी पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पालक संघ की महिला विंग जिला सचिव उषा मित्तल ने बताया कि प्रदेश इकाई के बैनर तले अच्छी शिक्षा, सस्ती शिक्षा, सबको शिक्षा और घर-घर शिक्षा के उद्देश्य को लेकर पालक संघ जिला इकाई नीमच पिछले दो वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा कार्य कर रही है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 80 से अधिक छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कॉपियां, पेन, पेंसिल, रबर, कलर, स्केल एवं शार्पनर सहित स्टेशनरी किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा गर्ग एवं शाला स्टाफ की उपस्थिति में पालक महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा एवं पालक संघ के पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। स्वागत उद्बोधन प्रधानाध्यापिका निशा गर्ग ने दिया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, ऐसे में यह पहल उनके लिए प्रेरणादायक एवं उपयोगी है।
कार्यक्रम में महिला विंग की जिला मीडिया प्रभारी आशा सांभर ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, शाला के पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय नाथूलाल जोगनिया के परिवार की ओर से विद्यालय को स्वामी विवेकानंद की तस्वीर भेंट की गई।
स्टेशनरी वितरण के पश्चात सभी बच्चों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हम सब ने ठाना है, नीमच को स्वच्छ बनाना है तथा सांसें हो रही कम, पेड़ लगाएं हम जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पालक महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, प्रधानाध्यापिका निशा गर्ग, यास्मीन मेव, स्वप्निल लोत्पल जोशी, बालकृष्ण सोलंकी, उषा मित्तल, आशा सांभर, मंजू जोगनिया, श्वेता शर्मा, एडवोकेट सतीश शर्मा, नागेश जोगनिया सहित पालक संघ के पदाधिकारी एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।