चित्तौड़गढ़। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बस्सी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2020 के मादक पदार्थ तस्करी प्रकरण में पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 5000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी चम्पाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में दर्ज 327 किलो 130 ग्राम डोडा चूरा तस्करी के मामले में वांछित आरोपी फैयाज मोहम्मद पिता गुलाम मोहम्मद (47), निवासी भुमाबाड़ा, थाना लक्ष्मणगढ़, जिला सीकर, लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
बुधवार को पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और सतत निगरानी के आधार पर आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।