खरगोन। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि अधिग्रहण मुआवजा चार गुना करने की घोषणा का भाजपा किसान मोर्चा ने स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटी गईं।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री मनोज लधवे ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है। चार गुना मुआवजा मिलने से किसान अब विकास कार्यों के लिए स्वेच्छा से जमीन देने के लिए आगे आएंगे, जिससे परियोजनाओं को गति मिलेगी।
जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे किसानों के जीवन में आर्थिक खुशहाली आएगी। वहीं जिलाध्यक्ष महेश गुर्जर ने कहा कि इस फैसले से किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य मिलेगा और लंबित परियोजनाएं तेजी से पूरी होंगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।