शहडोल जिले में चोर-उचक्कों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक गल्ला व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर लाखों की नकदी पार कर दी गई।
जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कौआ सरई निवासी गल्ला व्यापारी अशोक कुमार गुप्ता ने स्टेट बैंक से करीब 4 लाख रुपये नकद निकाले थे। बैंक से पैसा निकालने के बाद उन्होंने अपनी कार अप्सरा साड़ी सेंटर के पास खड़ी कर दी और नकदी कार के अंदर ही रखकर कुछ दूरी पर अपने अन्य काम से चले गए, इसी दौरान मौके की तलाश में घूम रहे एक अज्ञात चोर ने कार को निशाना बनाया,आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखे 4 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी गई, जब व्यापारी अशोक कुमार वापस लौटे, तो कार का टूटा हुआ शीशा और अंदर से गायब नकदी देखकर उनके होश उड़ गए, उन्होंने तत्काल जयसिंहनगर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध युवक की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।