मंदसौर। गरोठ में जनगणना कार्य को लेकर एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राहुल चौहान के मार्गदर्शन में गरोठ स्टेडियम में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भारत के मानचित्र के आकार में मानव श्रृंखला बनाई गई।
इस अनूठे आयोजन में 1000 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मौके पर ही स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के तहत अपने-अपने फॉर्म भरे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ना और स्व-गणना के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। राजस्व, नगर परिषद, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायत, कृषि तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाया।
जनगणना प्रशिक्षणार्थियों ने उपस्थित नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बताया गया कि स्व-गणना से समय की बचत होती है और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सटीक बनती है।
एसडीएम राहुल चौहान ने कहा कि ऐसे नवाचारों से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जनसहभागिता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस अभियान को सफल बनाएं। यह कार्यक्रम जागरूकता के साथ-साथ प्रशासन और जनता के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण भी बना।