मंदसौर। सीतामऊ नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड के बाद सोमवार को व्यापारियों और आमजन का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। नगर में सीतामऊ बंद के साथ व्यापारियों ने नगर परिषद का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़कर नगर परिषद परिसर में प्रवेश किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद व्यापारी लदुना चौराहे पर पहुंचे और चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया। तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित रहा और कई वाहन जाम में फंसे रहे।
फायर ब्रिगेड की देरी पर उठे सवाल-
व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद की लापरवाही और फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना में 7 से 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं और करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने हाथों में चूड़ियां लेकर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।
किराना दुकान से फैली आग-
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे उदिया सेठ की किराना दुकान में आग लगी थी। दुकान में रखे तेल के ड्रमों के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र आग की लपटों में घिर गया।
आधे घंटे तक नहीं पहुंची दमकल-
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान व्यापारियों, नागरिकों और पुलिस ने निजी टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 6 टैंकरों से पानी डाला गया, लेकिन आग पर तुरंत नियंत्रण नहीं पाया जा सका। बाद में बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई ताकि बड़ा हादसा टल सके।
प्रशासन मौके पर पहुंचा-
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं एसडीएम शिवानी गर्ग और तहसीलदार मोहित सीनम ने स्थिति का जायजा लिया। बाद में मंदसौर, नगरी और सुवासरा से फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया गया।
नगर परिषद पर गंभीर आरोप-
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि फायर ब्रिगेड लंबे समय से खराब पड़ी है, लेकिन इसकी मरम्मत या सुधार पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जबकि अन्य निर्माण कार्यों पर खर्च किया जा रहा है।
नई फायर ब्रिगेड की मांग-
व्यापारियों ने जिला प्रशासन, प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायक से सीतामऊ में अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने और प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल सीतामऊ में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन व्यापारियों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहा है।