नीमच। विज्ञान भारती द्वारा सोमवार को नीमच सिटी स्थित शहीद पार्क में पोखरण परमाणु विस्फोट दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह परिहार रहे, जबकि अध्यक्षता कैप्टन आर.सी. बोरीवाल ने की।
विज्ञान भारती के जिला प्रभारी एवं मुख्य वक्ता राधेश्याम धाकड़ ने पोखरण परमाणु विस्फोट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विज्ञान भारती के सदस्य संजय प्रजापति, बाबूलाल हेर, पूर्व प्राचार्य राधेश्याम शर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ के सदस्य कमलेश नलवाया, आमोद त्रिपाठी, सुनील किलोरिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन संजय प्रजापति द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।