नीमच। जिले की मनासा तहसील के ग्राम देवरी आंत्री निवासी एक महिला ने अपनी कृषि भूमि की कथित फर्जी रजिस्ट्री कर कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदनकर्ता रामकन्या पिता राजाराम गुर्जर ने बताया कि उसके नाम से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कृषि भूमि सर्वे नंबर 49 एवं 55 पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री करवा ली गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उक्त भूमि अन्य व्यक्तियों को बेच दी गई।
महिला ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया कि जब उसने अपनी भूमि वापस लेने एवं कब्जा हटाने की बात कही तो संबंधित लोगों द्वारा उसके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि वह पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन दे चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कलेक्टर जनसुनवाई में दिए आवेदन में महिला ने मांग की है कि उसकी कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटाकर उसे पुनः कब्जा दिलाया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।