नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बीएस कलेश के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग नीमच की टीम ने शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान तिरुपति फैमिली रेस्टोरेंट, मनासा रोड नीमच का खाद्य पंजीयन निलंबित करते हुए परिसर में क्रय-विक्रय एवं निर्माण गतिविधियां बंद करवाई गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण एवं भंडारण पाया गया। किचन की दीवारें गंदी, फर्श पर अव्यवस्था तथा वॉश बेसिन के पास ग्रेवी बनाने की मशीन संचालित पाई गई, जो मानकों के विरुद्ध है।
टीम द्वारा मौके से कुल 11 नमूने लिए गए, जिनमें घी, दही, लस्सी, छाछ, पनीर, मसाले एवं अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक दस्तावेज एवं मेडिकल प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर सुधार सूचना पत्र भी जारी किया गया है।
इसी क्रम में गणेश रतन महाराज ढाबा, नीमच के विरुद्ध बिना खाद्य पंजीयन व्यवसाय करने पर एडीएम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीयन संचालन पर 2 लाख तक जुर्माने का प्रावधान है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।