मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम लदूना में शुक्रवार देर रात गैस सिलेंडर लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब घर में खाली हो चुकी गैस टंकी को बदलकर नई टंकी लगाई जा रही थी। जैसे ही सिलेंडर का सील खोला गया, तेज प्रेशर के साथ एलपीजी गैस का रिसाव होने लगा और पास ही जल रहे चूल्हे से गैस ने आग पकड़ ली। कुछ ही पलों में पूरी रसोई आग की चपेट में आ गई।
हादसे में जगदीश राठौर (45), उनकी पत्नी राधाबाई (38), बेटी प्रीति राठौर (15) और घर में काम करने वाला मजदूर परमेश्वर भील (32) झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। फिलहाल सभी का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नजदीकी पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र मंगवाकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा सिलेंडर में विस्फोट होकर भारी नुकसान हो सकता था।