मंदसौर। शहर में शुक्रवार शाम एक दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान दुष्यंत सोनी और उनकी पत्नी उष्मिता सोनी के रूप में हुई है। दोनों ने शहर से कुछ दूरी पर स्थित देव डूंगरी माताजी मंदिर के समीप कार में बैठकर जहर खाया था।
गंभीर हालत में दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को पहले उष्मिता सोनी और बाद में दुष्यंत सोनी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिचितों को कॉल कर कहा- “हमारे कार्यक्रम में जरूर आना”
जानकारी के अनुसार, जहर खाने के दौरान दंपती ने अपने कुछ परिचितों को फोन और वीडियो कॉल किए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि “कल हमारे कार्यक्रम में जरूर आना।” इस दौरान कुछ परिचितों ने उनकी लोकेशन जानने का प्रयास भी किया, लेकिन दंपती ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
सुसाइड नोट में लिखा- किसी को परेशान न किया जाए
वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के अनुसार, रात में तहसीलदार और पुलिस टीम ने दुष्यंत सोनी के मृत्यु पूर्व बयान दर्ज किए थे। इसी दौरान उन्होंने कार में सुसाइड नोट रखे होने की जानकारी दी थी।
पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि दंपती अपनी व्यक्तिगत परेशानियों के चलते आत्महत्या कर रहे हैं तथा इसमें परिवार या किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह भी लिखा कि उनके अंतिम कॉल्स से संबंधित लोगों को परेशान न किया जाए।
दो बच्चों को पीछे छोड़ गए दंपती
जानकारी के अनुसार, दंपती के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही है, जबकि बेटा 12वीं कक्षा का छात्र है।