मनासा। थाना क्षेत्र के महागढ़ गांव में शनिवार को 40 वर्षीय राजमल पिता रामकिशन गायरी का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए शव को मंदसौर नाके पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से मृतक का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक शुक्रवार रात घर पर सोए थे, लेकिन सुबह लापता पाए गए। सुबह करीब 7 बजे उनका शव गांव के बाहर एक आम के पेड़ से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलने पर मनासा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मंदसौर नाके पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, डीएसपी निकिता सिंह, एसडीएम किरण आंजना एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।