देवास। जिले के हाटपिपल्या क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम पोनासा स्थित प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव शक्ति महायज्ञ आज भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हो गया। विश्व कल्याण और ग्राम शांति के उद्देश्य से आयोजित इस महायज्ञ ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
समापन अवसर पर बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई यज्ञ स्थल तक पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया।
करीब 19 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस महायज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित चंद्रशेखर जोशी (बागली) के सानिध्य में विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हुए। वहीं सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान पंडित पंकज जी शास्त्री (हरदा) द्वारा कराया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भक्ति में लीन कर दिया।
समापन के दिन श्री खेड़ापति हनुमान जी का विशेष अभिषेक किया गया और छप्पन भोग अर्पित किए गए।
इसके पश्चात पूर्णाहुति और महाआरती के साथ आयोजन का विधिवत समापन हुआ।
इसके बाद आयोजित भंडारे में ग्राम पोनासा सहित घटिया, गयासुर, मुरादपुर, सिंगावदा, अनखेली और आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि पूरे क्षेत्र में एकता, सेवा और श्रद्धा का संदेश भी छोड़ गया। आयोजन की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी संदीप प्रजापति द्वारा दी गई।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी की रिपोर्ट