प्रतापगढ़। शहर का प्रमुख नंद मार्ग इन दिनों नगर परिषद की लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी के चलते कचरा एवं मलबे का ढेर बनता जा रहा है। तलाई मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्र के रहवासी लंबे समय से समस्या से परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के ठेकेदार सड़क किनारे निर्माण सामग्री एवं पुराने मकानों का मलबा डाल रहे हैं। इसके कारण सड़क दिन-प्रतिदिन संकरी होती जा रही है और आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर और दुर्गंध के कारण वाहन चालकों एवं राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर जिला कलेक्टर एवं नगर परिषद आयुक्त को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। नंद मार्ग के समीप स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर फैले कचरे एवं दुर्गंध के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने और संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह शहर का महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद समस्या की अनदेखी किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नंद मार्ग से तत्काल कचरा एवं मलबा हटाया जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में सड़क पर कचरा फेंकने पर सख्त रोक लगाई जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।